वृहद पंजीकरण शिविर एक ही छत के नीचे मिली कई योजनाओं की जानकारी और लाभ
मुंगेली, 18 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी अभियानों को आमजनों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” की थीम पर आयोजित यह शिविर जिले के तीनों विकासखण्ड मुख्यालयों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर के प्रथम दिवस आमजनों में उत्साह देखने को मिला। जिले के तीनों विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित शिविर में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए। इस दौरान 900 से अधिक आमजनों ने योजनाओं का लाभ लेने आवेदन प्रस्तुत किया। सभी प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार प्रभावी निराकरण किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक भवन में आयोजित वृहद पंजीकरण शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की। शिविर में विभिन्न स्व सहायता समूहों की महिलाओं को चेक प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करते हुए योजनाओं से संबंधित पंजीयन, दस्तावेज सुधार एवं अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम में जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, नगर पालिका परिषद के सीएमओ श्री होरीलाल ठाकुर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।