लोक निर्माण विभाग सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की

अम्बिकापुर, 18 जून 2026/sns/- लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को अंबिकापुर प्रवास के दौरान जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अजीत वसंत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सड़क, भवन एवं अन्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सचिव श्री बंसल ने लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सचिव श्री बंसल ने वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सड़कों के रखरखाव एवं गड्ढा मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाएं। सचिव श्री बंसल ने पुल-पुलिया के मरम्मत कार्य भी समय पर करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दिनों में आवागमन में किसी भी तरह की परेशानियों का सामना करना न पड़े।उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सड़क मार्गों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा।

दौरे के दौरान सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने व्हीकुलर अंडरपास, पुल एवं अन्य संरचनात्मक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को शीघ्र बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

श्री बंसल ने मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

समीक्षा के दौरान सचिव ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित व प्रगतिरत कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर निर्माण कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझावों एवं कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

About The Author