24 जून को ग्राम सभाओं में होगा आवास प्लस 2.0 सर्वे का वाचन एवं अंतिम अनुमोदन

सुकमा, 18 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वे के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा तथा ग्राम सभा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा।
इस दौरान जिले में 33,624 परिवारों का सत्यापन किया जाएगा। ग्राम सभा में सर्वे सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्रामीणों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे, जिससे पात्र एवं आवासविहीन परिवारों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन सुकमा द्वारा सभी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम सभा का आयोजन निर्धारित तिथि पर सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें। ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि आवास प्लस 2.0 सर्वे का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करना है, जो अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभ से वंचित हैं। सत्यापन एवं ग्राम सभा अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पात्र परिवारों की सूची शासन को प्रेषित की जाएगी।
जिला प्रशासन सुकमा ने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 जून को आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित होकर आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

About The Author