वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन
राजनांदगांव, 18 जून 2026/ssn/- नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति राजनांदगांव द्वारा वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख राजभाषा एवं संसदीय समिति प्रधान कार्यालय श्री पुनीत मिश्रा वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप महाप्रबंधक अनुपालन एवं आश्वासन अंचल कार्यालय रायपुर डॉ. रमेश कुमार मोहंती एवं पद्मश्री फूलबासन यादव उपस्थित थे। समारोह में विभिन्न संस्थानों को वार्षिक शील्ड पुरस्कार के तहत पुरस्कृत किया गया तथा समिति के तत्वावधान में वर्ष भर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा सभी पुरस्कार विजेताओं एवं सम्मानित प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से विभिन्न कार्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रमुख दुर्ग क्षेत्र श्री संदीप कुमार मान, उप क्षेत्रीय प्रमुख दुर्ग क्षेत्र श्री जयप्रकाश नारायण, मुख्य प्रबंधक राजभाषा अंचल कार्यालय रायपुर श्री सोमेन्द्र यादव, स्नातकोत्तर शिक्षिका केंद्रीय विद्यालय राजनांदगांव श्रीमती मोहिनी साहू सहित विभिन्न संस्थान के प्रतिनिधि, राजभाषा के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सदस्य सचिव सुश्री सुदीपा राय द्वारा किया गया।