उपजेल बीजापुर का विशेषज्ञ समिति ने किया निरीक्षण
बीजापुर, 18 जून 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग, नया रायपुर तथा कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार जिला बीजापुर में उपजेल निरीक्षण हेतु गठित विशेषज्ञ समिति द्वारा बुधवार को उपजेल बीजापुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों की स्थिति, सुविधाओं एवं उनके अधिकारों से संबंधित व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करना था।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ समिति के सदस्यों ने उपजेल के प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। समिति द्वारा जेल परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के समय उपजेल बीजापुर में कुल 197 निरुद्ध बंदी पाए गए। समिति ने सभी बंदियों से पूछताछ कर उनकी स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर श्री धानेन्द्र कुमार, सहायक उप जेल अधीक्षक उपस्थित रहे। विशेषज्ञ समिति में श्रीमती नीलाबाई यालम (सदस्य, जेजेबी), श्रीमती मिली सत्यन (सदस्य, सीडब्ल्यूसी), श्री नवीन मिश्रा (संरक्षण अधिकारी), कु. आनंदमई मल्लिक (विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी), श्रीमती देवाअम्मा मेकल (महिला प्रधान आरक्षक) तथा श्री संदीप चिड़ेम (सामाजिक कार्यकर्ता) शामिल रहे।
विशेषज्ञ समिति ने निरीक्षण के दौरान बंदियों की स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन कर आवश्यक तथ्यों का संकलन किया, जिससे भविष्य में जेल प्रबंधन एवं बंदी कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।