प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त की राशि का होगा भुगतान
राजनांदगांव, 19 जून 2026/sns/-प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 20 जून 2026 को शाम 3.45 बजे तारकेश्वर हुगली पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त की राशि का आधार बेस्ड भुगतान प्रणाली के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में हस्तांतरण किया जाएगा। इसके तहत जिले के 99746 किसान को 19 करोड़ 95 लाख रूपए का भुगतान किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा आजीविका के लिए केवल कृषि फार्म पर निर्भर रहने वाले लघु, सीमांत एवं दीर्घ कृषकों को वर्षभर कृषि फार्म में कोई भी आर्थिक समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत की गई है। योजना के तहत किसानों को हर 3 माह में 2000 रूपए कुल 6000 रूपए प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता प्रदान किया जा रहा है।
शासन के निर्देशानुसार 20 जून 2026 को किसान उत्सव दिवस के रूप मनाया जाएगा। जिला एवं विकासखंड स्तर में कृषि विज्ञान केन्द्र एवं विकासखंड कार्यालय, पंचायत मुख्यालय, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति, मंडी में लाभार्थी किसानों की उपस्थिति में किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा। किसानों एवं नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम से किसान व नागरिक ब्रॉडकास्ट लिंक https://pmindiawebcast.nic.in के माध्यम से शामिल हो सकते है। किसान उत्सव दिवस को सफल बनाने के लिए कार्यक्रम के दिन मोबाईल, लेपटॉप से लिंक कनेक्ट कर व निकटतम कार्यक्रम स्थल में उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागी व साक्षी बनने की अपील की गई है।