जगदलपुर में जिला टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न
जगदलपुर, 19 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर श्री एआर राणा की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्टोरेट के आस्था हॉल में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला नोडल अधिकारियों ने उपस्थित होकर अपने-अपने विभागों के प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए, जिसके बाद प्रशासन द्वारा तंबाकू नियंत्रण और नशा मुक्ति को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में युवाओं और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे तंबाकू नियंत्रण को लेकर हर सप्ताह नियमित रूप से चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसी जा सके। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के आसपास के माहौल को सुरक्षित बनाने के लिए शिक्षा विभाग के जिला नोडल अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर निगम क्षेत्र के सभी विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में अनिवार्य रूप से रेड जोन लाइन का निर्माण करवाएं।
प्रशासन ने सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के सभी विभागों को आगामी 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस व्यापक स्तर पर मनाने और इसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में डीएसपी सुशांता लकड़ा तथा नारकोटिक्स विभाग से श्रीनिवास वर्मा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।