श्रमिकों के बच्चों को निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगी निःशुल्क शिक्षा
मुंगेली, 19 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश एवं देश के प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। श्रम विभाग अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ होकर 03 जुलाई 2026 तक चलेगी। पात्र अभिभावक श्रम विभाग के ऑनलाइन पोर्टल अथवा चॉइस सेंटरों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता के लिए निकटतम श्रम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जिनके माता या पिता छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत एवं सक्रिय निर्माण श्रमिक हैं। चयनित विद्यार्थियों को सीबीएसई अथवा आईसीएसई पाठ्यक्रम संचालित प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की शिक्षा, छात्रावास, भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकों तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का संपूर्ण खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा। श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं, इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपना करियर बना सकें। राज्य शासन ने सभी पात्र निर्माण श्रमिक परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।