परिवहन विभाग द्वारा स्कूल बसों की सुरक्षा एवं फिटनेस जांच की गई
कवर्धा, 19 जून 2026/sns/- शैक्षणिक सत्र एवं विद्यालयों के संचालन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार जिला कबीरधाम क्षेत्र अंतर्गत संचालित स्कूल बसों का विशेष फिटनेस परीक्षण, जाँच किया गया। यह जांच पुलिस विभाग, परिवहन विभाग तथा जिला सेनानी एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पीजी कॉलेज मैदान परिसर में की गई।
जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव पाटले ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान 130 स्कूल बसों का फिटनेस परीक्षण किया गया। जांच में सभी 130 वाहनों के आवश्यक दस्तावेज वैध पाए गए। वहीं सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान 07 स्कूल बसों में पैनिक बटन, 05 स्कूल बसों में अग्निशमन यंत्र, 11 स्कूल बसों में प्राथमिक उपचार किट तथा 01 स्कूल बस में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं पाई गई। संयुक्त जांच दल द्वारा संबंधित स्कूल बस संचालकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल बसों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण एवं जांच अभियान जारी रहेंगे। परिवहन विभाग द्वारा सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने कहा है।