विशेष पंजीकरण शिविरों में उमड़ा जनउत्साह
बीजापुर, 19 जून 2026/sns/- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत बीजापुर जिले में आयोजित विशेष पंजीकरण शिविरों में आमजन का उत्साह देखने को मिल रहा है। 18 जून से 20 जून 2026 तक जिले के चारों अनुभाग स्तरों पर आयोजित इन तीन दिवसीय शिविरों के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराते नजर आए।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ना, पंजीयन संबंधी त्रुटियों का निराकरण करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
अनुभाग बीजापुर अंतर्गत तहसील कार्यालय में आयोजित शिविर में एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल ने शिविर के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभालते हुए उपस्थित नागरिकों को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
विशेष पंजीकरण शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए विभागीय स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है।
शिविर में पहुंचे लोगों ने योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक पंजीयन प्रक्रियाएं पूरी कीं। इससे शासन की योजनाओं के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर तहसीलदार बीजापुर श्री पंचराम सलामे, नगरपालिका परिषद बीजापुर के सीएमओ श्री बंशीलाल नुरुटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आमजन से 20 जून तक आयोजित इन विशेष शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।