प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी कबीरधाम के 1.13 लाख किसानों को मिले 22.79 करोड़
कवर्धा, 20 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त का वितरण कार्यक्रम आज आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से देशभर के 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार 880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कबीरधाम में आयोजित कार्यक्रम में जिले के कृषकगण वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़े। कबीरधाम जिले के कुल 1 लाख 13 हजार 962 किसानों के खातों में 22.79 करोड़ रुपए की सम्मान निधि राशि हस्तांतरित की गई।
जिला पंचायत कबीरधाम की कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री रामकुमार भट्ट ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। यह योजना किसानों की आय बढ़ाने, कृषि निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बी.पी. त्रिपाठी डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री सुशील कुमार वर्मा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा कृषकगण उपस्थित रहे।