संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया
अम्बिकापुर, 21 जून 2026/sns/- संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा (अम्बिकापुर) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के सिटी ऑफिस, दर्रीपारा, अम्बिकापुर परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस वर्ष का आयोजन वैश्विक थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ उम्र बढ़ाने के लिए योग) पर आधारित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र लाकपाले ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को एकाग्र करने वाला संपूर्ण विज्ञान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन का आधार है तथा वृद्धावस्था में भी सक्रिय और स्वस्थ बने रहने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए युवाओं से योग को जीवन का स्थायी अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ श्रीमती ममता तिवारी ने विशेष वक्ता के रूप में योग एवं प्राणायाम के वैज्ञानिक और व्यावहारिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न योगासनों की सही विधियों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव, मानसिक शांति एवं दीर्घायु प्राप्त की जा सकती है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक खेमकरण अहिरवार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए युवाओं में सामाजिक चेतना के साथ स्वास्थ्य चेतना विकसित करने में योग की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग के सकारात्मक संदेश को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर रोहिताश देशमुख, प्रोफेसर नीरज श्रीवास्तव, डॉ. रंजीत हरवंश, डॉ. हरिशंकर प्रसाद तोंडे, डॉ. रेशम प्रधान, डॉ. धीरज कुमार यादव, डॉ. अतुल कुमार वर्मा, श्री टैमन लाल देवांगन, श्री असीम, डॉ. समन नारायण उपाध्याय, डॉ. किशोर सिंह, डॉ. अमृता कुमारी पांडा, डॉ. प्रिया रॉय, विवेक कृष्णा, चैन सैय, भुवन एवं प्रकाशमणि सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।