सांसद श्री महेश कश्यप पहुँचे जिला अस्पताल
सुकमा, 21 जून 2026/sns/- जिले के दूरस्थ और दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ शासन लगातार कार्यरत है। इसी कड़ी में रविवार को बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने सुकमा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विशेष रूप से नेत्र रोग वार्ड का दौरा किया, जहां श्मिशन दृष्टिश् योजना के तहत बड़ी संख्या में मोतियाबिंद के मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है। सांसद ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी को रेखांकित किया।
इस दौरान सांसद श्री कश्यप ने जगरगुंडा क्षेत्र के अंदरूनी, संवेदनशील और पहुंचविहीन क्षेत्रों से आए 42 मोतियाबिंद ऑपरेशन करा चुके मरीजों से आत्मीय संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। मरीजों ने शासन द्वारा दी जा रही निःशुल्क रहने, खाने, ठहरने और दवाओं की उच्च स्तरीय सुविधाओं पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया। जिला अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू देवांगन के नेतृत्व में इस वर्ष अप्रैल 2026 से अब तक कुल 152 मरीजों के सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जो प्रशासन की संवेदनशीलता और स्वास्थ्य क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलाव का जीता-जागता प्रमाण है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस गरिमामयी अवसर पर सांसद के साथ नगरपालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. एमआर कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्री कोरसा सन्नू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री अरुण सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। जिला प्रशासन सुकमा और स्वास्थ्य अमले के इस समर्पित प्रयास ने साबित कर दिया है कि भौगोलिक चुनौतियां चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति से हर नागरिक तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।