जिला प्रशासन की सजगता से सोड़ी पोज्जे और सोड़ी लच्छी को मिला ई-आधार

सुकमा, 22 जून 2026/sns/- जिला प्रशासन सुकमा द्वारा आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने और उनकी जमीनी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निरंतर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रशासन ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए ग्राम साकलेर की महिला आवेदिका सोड़ी पोज्जे और ग्राम ताड़मेटला की सोड़ी लच्छी की एक बड़ी तकनीकी समस्या का स्थाई समाधान निकाला है। ये दोनों हितग्राही वर्ष 2024 में आधार नामांकन कराने के बाद भी तकनीकी त्रुटियों के कारण भौतिक आधार कार्ड न मिलने से परेशान थीं और लंबे समय से महत्वपूर्ण शासकीय लाभों से वंचित चल रही थीं।
जब दोनों महिलाओं ने दोबारा नया आधार कार्ड बनवाने का प्रयास किया, तो पोर्टल पर “Aadhaar Already Generated” (आधार पहले ही जारी हो चुका है) का एरर प्रदर्शित होने लगा। नियमानुसार एक व्यक्ति का दोबारा नामांकन संभव न होने के कारण यह मामला उलझ गया था और हितग्राही असमंजस में थीं। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन और तकनीकी टीम ने मुस्तैदी दिखाई। अधिकारियों ने नियमों के दायरे में रहकर आवेदिकाओं के पुराने रिकॉर्ड्स को खंगाला, गहन जांच की और उनके पूर्व में जेनरेट हो चुके आधार नंबर को सफलतापूर्वक ट्रैक कर लिया।
हितग्राहियों के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने न सिर्फ उनकी आधार संख्या खोज निकाली, बल्कि डिजिटल माध्यम से “ई-आधार“ (e-Aadhaar) डाउनलोड कर पूरी सुरक्षा के साथ उन्हें सौंप दिया है। इस त्वरित और राहतभरी कार्रवाई के बाद सोड़ी पोज्जे और सोड़ी लच्छी के चेहरे खिल उठे हैं। अब वे बिना किसी तकनीकी बाधा के सभी शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए पूर्णतः पात्र हो चुकी हैं। प्रशासन के इस जनहितैषी कदम की स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

About The Author