पशुपालकों को बड़ी राहत अब एक ही पारी में खुलेंगी पशु चिकित्सा संस्थाएं
मुंगेली, 22 जून 2026/sns/- पशुपालकों की सुविधा और बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा पशु चिकित्सा संस्थाओं के खुलने एवं बंद होने के समय में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। आदेश से पशुपालकों को अब अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. आर.एम. त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय, कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र, कृत्रिम गर्भाधान उपकेन्द्र, मुख्य ग्राम खण्ड योजना एवं उनकी इकाइयां अब सोमवार से शनिवार तक प्रातः 08 बजे से दोपहर 01 बजे तक तथा रविवार एवं शासकीय अवकाश के दिनों में प्रातः 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी।
पूर्व में इन संस्थाओं के खुलने और बंद होने का समय दो अलग-अलग पालियों में निर्धारित था। इससे कई बार पशुपालकों को उपचार, कृत्रिम गर्भाधान या अन्य सेवाओं के लिए बार-बार संस्थाओं के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था के तहत अब एक ही पारी में लगातार सेवाएं उपलब्ध होने से पशुपालकों का समय और श्रम दोनों बचेंगे। इससे पशुओं के उपचार में त्वरित सुविधा मिलेगी, कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी तथा पशुपालकों को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन से जुड़े परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।