नक्शा बटांकन और राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लायें तेजी कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा

कवर्धा, 23 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने नक्शा बटांकन कार्य की तहसीलवार समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां संबंधित पटवारियों के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने अपर कलेक्टर को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एग्रीस्टेक योजना के अंतर्गत किसान पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित तहसीलदारों को शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही फॉर्मर रजिस्ट्री के तहत पंजीकृत किसानों के छूटे हुए खसरों के अपडेशन कार्य को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और राजस्व सेवाओं का लाभ लोगों को समय पर मिलना चाहिए। बैठक में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता समयबद्ध कार्रवाई पर निर्भर करती है।

सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रतिदिन अपने डैशबोर्ड का अवलोकन करने और लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी सक्रिय रूप से शिकायतों के समाधान के लिए निर्देशित करें, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। आयुष्मान भारत कार्ड एवं वय वंदना कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामवार लंबित हितग्राहियों की सूची महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ साझा कर पात्र हितग्राहियों से संपर्क करते हुए अभियान चलाकर लक्ष्य की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा स्वीकृत आवासों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल, एडीएम श्री विनय पोयाम, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author