ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 पर 24 जून को बिलासपुर में एक दिवसीय कार्यशाला

बिलासपुर, 23 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से 24 जून 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला दोपहर 12 बजे से देवकीनंदन सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर, शनिचरी बाजार, बिलासपुर में आयोजित होगी।
क्षेत्रीय कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार माननीय उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन सिविल अपील प्रकरण में पारित आदेश के परिपालन तथा 1 अप्रैल 2026 से लागू ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें नगरीय निकायों, ग्रामीण निकायों, बल्क वेस्ट जनरेटरों तथा ईपीआर (EPR) प्रतिनिधियों सहित विभिन्न हितधारकों को नियमों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यशाला में बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। आयोजन का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नए प्रावधानों, दायित्वों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उपायों के संबंध में जागरूकता बढ़ाना और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों से कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

About The Author