लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं: कलेक्टर

रायगढ़, 24 जून 2026/sns/ – जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने राजस्व अधिकारियों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आम जनता से जुड़े प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व अधिकारी नियमित समीक्षा के माध्यम से अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।  कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ राजस्व अमले, विशेषकर पटवारियों के कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में ठोस परिणाम दिखाई देने चाहिए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र की प्रगति के लिए जवाबदेह रहेगा।बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त राजस्व प्रकरणों एवं उनके निराकरण की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि इन कार्यों की प्रदेश स्तर पर भी नियमित निगरानी की जा रही है। कलेक्टर ने डिजिटल किसान किताब के अद्यतन कार्य की समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड अपडेट करने में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना, कोटवारी सेवा भूमि के रिकॉर्ड दुरुस्ती, राजस्व अभिलेख अद्यतीकरण, वन अधिकार अंतर्गत फौती नामांतरण, खाता विभाजन एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित प्रकरणों के निराकरण में विशेष ध्यान देने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author