पीएटी एवं पीव्हीपीटी प्रवेश परीक्षा 28 जून को


रायगढ़, 24 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा पीएटी/पीव्हीपीटी प्रवेश परीक्षा का आयोजन 28 जून रविवार को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित होगी। जिसके लिए दो परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय नटवर इंग्लिश स्कूल, रायगढ़ तथा किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक, चक्रधर नगर, रायगढ़ शामिल हैं।
कलेक्टर ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम मोबा.97535-36151 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं शासकीय माध्यमिक विद्यालय सराईपाली, तमनार के श्री विकास रंजन सिन्हा मोबा. 70009-29629 को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केन्द्रों में निगरानी के लिए ऑब्जर्वरों की भी नियुक्ति की गई है। जिसमें गवर्नमेंट नटवर इंग्लिश स्कूल, रायगढ़ के लिए श्री रविन्द्र दासे, सहायक अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रायगढ़ तथा किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक, चक्रधर नगर के लिए श्री कृष्ण कुमार प्रधान, प्रशिक्षण अधिकारी, आईटीआई तमनार को ऑब्जर्वर बनाया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी ऑब्जर्वर 28 जून को सुबह 7 बजे तक जिला कोषालय, रायगढ़ में उपस्थित होकर गोपनीय परीक्षा सामग्री प्राप्त करेंगे। इसके बाद परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से ढाई घंटे पहले संबंधित परीक्षा केन्द्रों तक गोपनीय सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद केन्द्राध्यक्ष से सीलबंद गोपनीय सामग्री प्राप्त कर उसे किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में जमा कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी कारणवश नियुक्त अधिकारी परीक्षा दिवस पर उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो वे अपने अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारी को अधिकृत करते हुए वाहन की व्यवस्था करेंगे तथा इसकी सूचना तत्काल जिला कार्यालय को देंगे। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

About The Author