मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर
बीजापुर, 24 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुदूर अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित किया जा सके।
बैठक में कलेक्टर ने हाल ही में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों का सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण की प्रगति की जानकारी ली। आश्रम एवं पोटा केबिनों के लिए नियुक्त नामजद अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने तथा कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रम विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाए। उन्होंने प्रत्येक पात्र श्रमिक का पंजीयन कर श्रम कार्ड बनाने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े मामलों के निराकरण में गंभीरता बरतने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ डॉ जाधव सागर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।