नगर निगम द्वारा सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी

राजनांदगांव, 24 जून 2026/sns/- नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में स्वच्छता, जल निकासी, सड़क मरम्मत, पौधों के संरक्षण तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था
नगर निगम के स्वास्थ्य अमला द्वारा नियमित रूप से फ्लाईओवर के नीचे एवं शहर के विभिन्न वार्डों की साफ-सफाई की जा रही है। आंधी-तूफान के कारण फ्लाईओवर के नीचे फैले सूखे पत्तों एवं कचरे की सफाई कर दी गई है। बारिश पूर्व अभियान के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की सफाई गैंग एवं जेसीबी मशीनों के माध्यम से की जा रही है। प्रथम चरण की सफाई पूर्ण होने के बाद शेष नालों की द्वितीय चरण में सफाई जारी है। कलेक्टोरेट परिसर की नालियों में आंधी-तूफान के कारण पत्ते जमा होने से अवरोध उत्पन्न हुआ था, जिसे प्राथमिकता से साफ किया जा रहा है। डॉक्टर कॉलोनी, बलदेव बाग तथा अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भी नालियों की सफाई की जा रही है। नालियों पर हुए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत की तैयारी
निगर निगम के स्टेशनपारा से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क सहित शहर की कई पुरानी सड़कों का डामरीकरण प्रस्तावित है। वर्तमान में डामर उपलब्ध नहीं होने से कार्य प्रभावित हुआ है। संबंधित ठेकेदारों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने नोटिस जारी किए गए हैं। डामर उपलब्ध होते ही सड़कों में पेचवर्क एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। मोहारा-सिंगदई मार्ग, कलेक्टोरेट गार्डन के समीप सर्विस रोड, गौरव पथ तथा अन्य स्थानों पर सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए पार्षदों से प्रस्ताव आमंत्रित कर शासन को भेजे गए हैं।
हरित क्षेत्र एवं पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान
शहर के डिवाइडरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को गर्मी से बचाने के लिए नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से सिंचाई की जा रही है। कलेक्टोरेट परिसर एवं अन्य क्षेत्रों में झुके हुए पौधों को पुन: व्यवस्थित किया जा रहा है तथा बड़े वृक्षों की आवश्यक छंटाई भी की जा रही है। आगामी वर्षा ऋतु में पौधरोपण के लिए सुरक्षित स्थलों का चयन किया जा रहा है।
सौंदर्यीकरण कार्यों को मिलेगी गति
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। रानी सागर एवं बूढ़ा सागर क्षेत्र में पूर्व में असामाजिक तत्वों द्वारा क्षति पहुंचाए जाने के मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शासन के बजट में उक्त क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रावधान किया गया है। लक्ष्मण झूला की मरम्मत प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है तथा शीघ्र ही इसे पुन: शुरू किया जाएगा।
जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था बहाल

About The Author