एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपाट में कक्षा 11वीं के लिए प्रवेश आवेदन आमंत्रित
अम्बिकापुर, 25 जून 2026/sns/- आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मैनपाट जिला सरगुजा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय में कक्षा 11वीं के लिए कुल 24 रिक्त सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें गणित एवं विज्ञान संकाय के लिए 10 तथा वाणिज्य संकाय के लिए 14 सीटें निर्धारित हैं। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 01 जुलाई 2026 से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन पत्र एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मैनपाट से अथवा विद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर 20 जुलाई 2026 तक विद्यालय में सीधे जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची 22 जुलाई 2026 को विद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा विद्यालय के सूचना पटल पर भी प्रदर्शित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी तथा प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।