ईजीएल में रुचि की अभिव्यक्ति के लिए संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

सुकमा, 02 जूलाई 2026/sns/- जिला प्रशासन के द्वारा जिले की 345 ईजीएल प्राथमिक शालाओं में अध्ययनरत बच्चों की भाषा सीखने में आ रही चुनौतियों को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक साक्षरता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों की भाषा दक्षता विकसित करने तथा उन्हें बुनियादी पढ़ने-लिखने की क्षमता से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में ईजीएल (अर्ली ग्रेड लिटरेसी) कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत ईजीएल कक्षाओं का प्रभावी संचालन, शिक्षकों का प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास, नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट, प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा, दस्तावेजीकरण तथा मूल्यांकन जैसे कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की गुणवत्ता और परिणामों को सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर एक अधिकृत एवं प्रतिष्ठित अकादमिक संस्था के माध्यम से 10 माह की अवधि हेतु 12 समन्वयकों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है, जिससे विद्यालयों को सतत शैक्षणिक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठित एवं मान्यता प्राप्त संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं 15 जुलाई 2026 तक कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट भवन, सुकमा में स्वयं उपस्थित होकर अथवा स्पीड पोस्ट एवं रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। वहीं, उसी दिन दोपहर 3 बजे से साक्षात्कार एवं प्रस्तुतिकरण की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन की यह पहल सुकमा जिले में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।

About The Author