जिंदल सेंटर में सीआईआई के तत्वावधान में सेफ्टी वर्कशॉप का आयोजन

रायगढ़, 2 जुलाई 2026/sns/- औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा बदलते औद्योगिक परिदृश्य में सुरक्षा मानकों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज जिंदल सेंटर में कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के तत्वावधान में सेफ्टी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में जेएसपीएल सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन प्रतिनिधि, अन्य कारखानों के प्रतिभागी तथा औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक सुरक्षा के विविध पहलुओं पर विस्तृत तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें जेएसपीएल, बालको, टाटा स्टील सहित विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से सुरक्षा प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण एवं दुर्घटना न्यूनिकरण के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की। विशेषज्ञों ने औद्योगिक इकाइयों में कार्यस्थल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने हेतु नवीनतम तकनीकों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक औद्योगिक वातावरण में सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं बल्कि एक सतत संस्कृति के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है।
वर्कशॉप के दौरान बदलते तकनीकी परिदृश्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ऑगमेंटेड रियलिटी और वर्चुअल रियलिटी जैसी उन्नत तकनीकों के उपयोग पर विशेष चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इन तकनीकों के प्रभावी उपयोग से औद्योगिक दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है, साथ ही प्रशिक्षण प्रणाली को अधिक सुरक्षित, सटीक और व्यवहारिक बनाया जा सकता है। सत्र में यह भी विचार किया गया कि कैसे डिजिटल टूल्स और डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से संभावित जोखिमों की पूर्व पहचान कर समय रहते रोकथाम की जा सकती है। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए औद्योगिक सुरक्षा को लेकर विभिन्न व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने तथा तकनीक आधारित सुरक्षा उपायों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

About The Author