अचानकमार के दूरस्थ पहुंच विहीन गांवों में पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

मुंगेली, 06 जुलाई 2026/sns/- जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन वनांचल क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मार्गदर्शन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरीश कुर्रे एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक लोरमी की संयुक्त टीम ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित पहुंचविहीन ग्राम मौहामाचा, सल्की, औंरापानी एवं राजक का भ्रमण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान टीम ने गांवों में मितानिन दवा पेटियों में उपलब्ध दवाइयों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा जहां आवश्यकता थी, वहां तत्काल अतिरिक्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की। इसका उद्देश्य बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना है। साथ ही ग्रामीणों को आवश्यक दवाईयां भी प्रदान की गई।
डीपीएम श्री कुर्रे ने ग्रामीणों को मौसमी एवं जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करते हुए मच्छरदानी का नियमित उपयोग, उबला या गर्म पानी पीने, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, खुले एवं बासी भोजन से परहेज करने, भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने तथा बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर तत्काल स्थानीय मितानिन अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया। भ्रमण के दौरान टीम ने मितानिनों, ग्रामीणों एवं कोटवारों से भी संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी, समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को बताया गया कि बरसात के मौसम में यदि किसी आपात स्थिति, जैसे उल्टी-दस्त, मलेरिया, फूड पॉइजनिंग, तेज बुखार अथवा अन्य गंभीर बीमारी के दौरान शासकीय एम्बुलेंस तत्काल उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो मरीज को बिना विलंब किसी भी निजी वाहन से अस्पताल लाया जा सकता है। ऐसे मामलों में वाहन किराया/भाड़ा नियमानुसार संबंधित अस्पताल द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस सुविधा की जानकारी मितानिनों एवं ग्रामीणों को विस्तार से दी गई, ताकि आपात स्थिति में उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।

About The Author