कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न
अम्बिकापुर, 01 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) एवं अन्य मदों के अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने कहा। कलेक्टर श्री वसंत ने विभागों में गत माह सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जानकारी ली तथा कहा कि सेवा अवधि समाप्त करने वाले विभाग के कर्मचारियों को उसी दिन आवश्यक दस्तावेज पीपीओ एवं जीपीओ प्राधिकार पत्र सहित अन्य प्रदान कर दिए जाएं। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक्तानुसार सड़कों के सुधारीकरण एवं मरम्मत के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व बैठक एवं निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों के प्रगति की समीक्षा की गई तथा क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। नक्शा प्रोजेक्ट में प्रगति, एग्रिस्टेक पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र में प्रगति, आयुष्मान कार्ड निर्माण, अपार आईडी सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।
सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की हुई समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश-
बैठक में सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निराकरण हेतु शेष आवेदनों का तत्काल शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग से सम्बन्धी आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने कहा तथा सभी एसडीएम को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो।
सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त आवेदनों की विभागवार जानकारी ली तथा समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करना अनिवार्य है। इसके लिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ निराकरण करें।
विभागों में आधार बेस्ड उपस्थिति अनिवार्य रूप से लागू करने दिए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने विभागों से आधार बेस्ड उपस्थिति के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा कहा कि विभागीय अधिकारी कार्यालयों में अनिवार्य रूप से आधार बेस्ड उपस्थिति लागू करें। अधिकारी एवं कर्मचारी की उपस्थिति आधार-बेस्ड सिस्टम से दर्ज कराना सुनिश्चित करें, इसका अनिवार्य रूप से पालन हो। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को प्राथमिकता के साथ शिक्षकीय एवं गैर शिक्षकीय स्टाफ की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों की प्रगति की हुई समीक्षा, निराकरण में तेजी लाने दिए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 6 माह से अधिक के सभी प्रकरण शून्य कर लिए जाएं। सभी नायब तहसीलदार निराकरण में प्रगति के साथ बैठक में उपस्थित हों। उन्होंने भू अर्जन से सम्बन्धी प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने निर्देशित किया। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि आमजनों का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने राजस्व अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में कुछ नवाचार करें, ताकि आमजनों को लाभ मिले। बैठक में त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, सीमांकन, नामांतरण, आधार सीडिंग, डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब पत्र, जेंडर प्रविष्टि, कोटवारी भूमि, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।