जिले की सहकारी समितियों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मुंगेली, 07 जुलाई 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सहकार से समृद्धि के संकल्प को साकार करने तथा केंद्र में सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 06 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया गय। इसके अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में सहकारिता सप्ताह अंतर्गत जिले की सहकारी समितियों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों किसानों ने स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ उठाया। साथ ही समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सेवाएं प्रदान की गईं।
सहायक आयुक्त सहकारिता श्री हितेश श्रीवास ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ सहकारिता के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं आयुष्मान भारत योजना के लाभों से भी अवगत कराया गया।