मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

राजनांदगांव, 09 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव के गौरव पथ स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के विद्यार्थियों का चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का रक्तचाप, वजन, लंबाई, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही मौसमी बीमारियों की पहचान कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। जिन विद्यार्थियों को आगे की जांच या विशेष उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें संबंधित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, हाथों की नियमित सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से विद्यार्थियों में बीमारियों की समय पर पहचान हो सकेगी तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

About The Author