केंद्रीय टीम ने तेंदुआ गांव में किया सघन कुष्ठ खोज अभियान का निरीक्षण
सारंगढ़- बिलाईगढ़, 9 जुलाई 2026/sns/- जिले में संचालित सघन कुष्ठ खोज अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा एवं गुणवत्ता का आकलन करने केंद्रीय टीम ने विकासखंड बिलाईगढ़ के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अभियान के अंतर्गत किए गए घर-घर सर्वेक्षण, हाउस मार्किंग, संदिग्ध मरीजों के चिन्हांकन तथा ग्रामीणों से संवाद कर मैदानी कार्यों का गहन सत्यापन किया।
केंद्रीय टीम ने अभियान की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि विकासखंड बिलाईगढ़ में सघन कुष्ठ खोज अभियान का संचालन योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। टीम ने अभियान के सफल क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय तथा गुणवत्तापूर्ण कार्यों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल के सदस्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बालाजी एवं सहायक निदेशक, एपिडेमियोलॉजी डॉ. किरण स्वपनिल अखाड़े उपस्थित रहीं। इनके अलावा इस टीम में जिला कुष्ठ अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कुष्ठ सलाहकार, ब्लॉक नोडल अधिकारी, लेप्रोसी सलाहकार, सेक्टर सुपरवाइजर, आरएचओ (पुरुष एवं महिला), मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिन कार्यक्रम के ब्लॉक समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
केंद्रीय टीम ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यशैली के साथ अभियान संचालित करने की अपेक्षा व्यक्त की। टीम ने कहा कि समय पर पहचान एवं उपचार के माध्यम से कुष्ठ रोग को नियंत्रित करने में ऐसे अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और जनसहभागिता के साथ इनका सफल क्रियान्वयन आवश्यक है।