pमहतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी जिले की 2.25 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ


अम्बिकापुर, 12 जुलाई 2026/sns/-
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत जून 2026 की 29वीं किस्त जारी कर दी गई है। इस किस्त के माध्यम से सरगुजा जिले की 2,25,115 महिलाओं के बैंक खातों में 20 करोड़ 86 लाख 10 हजार 400 रुपये की सहायता राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अंतरित की गई है। योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सरगुजा जिले में महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त कर रही महिलाओं ने बताया कि नियमित रूप से मिलने वाली सहायता राशि उनके परिवार के लिए संबल बन गई है। योजना से महिलाओं को आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता मिली है और वे परिवार के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

अम्बिकापुर के मठपारा निवासी श्रीमती इलायची साहू ने बताया कि उनके पति फल बेचने का कार्य करते हैं तथा परिवार में तीन बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्रत्येक माह मिलने वाली सहायता राशि उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि उनका एक बच्चा कक्षा 9वीं, दूसरा 12वीं तथा तीसरा कॉलेज में अध्ययनरत है। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे बच्चों की ट्यूशन फीस, पढ़ाई एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और बच्चों की शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रखने में मदद मिल रही है। 29वीं किस्त जारी होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा दी जा रही यह नियमित सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है।

इसी प्रकार योजना की हितग्राही श्रीमती अन्नु सिंह ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना का लगातार लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिमाह प्राप्त होने वाली राशि परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। महिलाओं के लिए यह योजना आर्थिक सुरक्षा का आधार बनी है, जिससे उन्हें आत्मविश्वास के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में योगदान देने का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।

महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य शासन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा है। प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि से महिलाएं बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, घरेलू आवश्यकताओं तथा अन्य जरूरी कार्यों पर खर्च कर रही हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। योजना महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा एवं आर्थिक संबल प्रदान करते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।

About The Author