जिले में 13 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान

मोहला, 14 जुलाई 2026/sns/- गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में 13 से 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 3,450 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले चरण में अब तक 550 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसारजिले के सभी विकासखंडों में विशेष माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से पात्र बालिकाओं की पहचान कर उन्हें निर्धारित टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े ने बताया कि एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की पात्र बालिकाओं का निर्धारित तिथि पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. देवेश ठाकुर ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण किया जा रहा है। प्रत्येक टीकाकरण सत्र की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा टीकाकरण का विवरण डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। मितानिन, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं शिक्षकों की मदद से घर-घर संपर्क कर पात्र बालिकाओं को अभियान से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराएं। विभाग का लक्ष्य जिले की सभी पात्र बालिकाओं को इस सुरक्षा कवच से जोड़कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना है।

About The Author