खाद वितरण व्यवस्था से किसानों को मिली बड़ी राहत

अम्बिकापुर, 16 जुलाई 2026/sns/-  राज्य शासन द्वारा किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव किसानों के बीच देखने को मिल रहा है। सरगुजा जिले के ग्राम बाकीपुर के प्रगतिशील किसान श्री रवींद्र प्रताप सिंह ने खाद वितरण व्यवस्था में किए गए सुधार एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए शासन की पहल की सराहना की है।

कृषक श्री सिंह ने बताया कि वे खाद लेने के लिए समिति पहुंचे थे, जहां उन्हें आसानी से डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में शासन द्वारा खाद वितरण के लिए लागू की गई टोकन व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना था। बाद में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन ने इस व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए, जिसके बाद अब किसानों को बिना किसी परेशानी के आसानी से खाद मिल रहा है। इससे किसानों को लंबी प्रतीक्षा अथवा अन्य कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसानों को उच्च गुणवत्ता का डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं कई वर्षों से नैनो उर्वरकों का उपयोग करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह घुलनशील होने के कारण पौधों तक तेजी से पहुंचता है, जिससे फसलों को आवश्यक पोषक तत्व बेहतर ढंग से प्राप्त होते हैं और उत्पादन में भी अच्छे परिणाम मिलते हैं।

श्री सिंह ने बताया कि नैनो डीएपी का भंडारण भी अत्यंत आसान है। पारंपरिक उर्वरकों की तरह इसके खराब होने या नमी से प्रभावित होने की समस्या नहीं रहती। इसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकता है, जिससे किसानों का समय, श्रम और परिवहन लागत भी कम होती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक उर्वरकों के साथ-साथ नैनो उर्वरकों का भी अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि वे लगभग 40 से 50 एकड़ भूमि में खेती करते हैं, जिसमें 20 से 25 एकड़ में धान तथा शेष भूमि में दलहन एवं तिलहन की खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध होने से खेती का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है और किसानों को राहत मिली है।

प्रगतिशील किसान श्री रवींद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य शासन किसानों की आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप लगातार व्यवस्था में सुधार कर रहा है। खाद वितरण प्रणाली में किए गए बदलावों से किसानों को सुविधा मिली है और वर्तमान व्यवस्था से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर छत्तीसगढ़ शासन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन द्वारा किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ नैनो उर्वरकों जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि लागत में कमी, उत्पादन में वृद्धि तथा किसानों की आय में सतत बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके।

About The Author