वन अधिकार पत्रों में अनियमितताओं की जांच के लिए जिला स्तरीय समिति गठित

मुंगेली, 17 जुलाई 2026/sns/- अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम 2006 के तहत जारी वन अधिकार पत्रों से संबंधित प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार, वन अधिकार पत्रों में फर्जीवाड़ा, बिना कब्जे के पट्टा प्राप्त करने, अपात्र व्यक्तियों को लाभ दिए जाने तथा अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों की जांच समिति द्वारा की जाएगी।
समिति में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी श्री अजीत पुजारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री शिव कुमार बांधे, अनुविभागीय अधिकारी (वन) लोरमी श्री दशांश सूर्यवंशी, सहायक संचालक अचानकमार टाइगर रिजर्व श्री समीर जोनाथन, जनपद पंचायत लोरमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश कुमार कंवर तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी खुड़िया श्री अनिरुद्ध कश्यप को सदस्य बनाया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार समिति प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच कर 07 दिवस के भीतर अपना अभिमत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी।

About The Author