कोन्टा जनपद सीईओ श्री गौतम गहीर का औचक निरीक्षण
सुकमा, 19 जूलाई 2026/sns/- कोन्टा विकासखंड में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कोन्टा जनपद सीईओ श्री गौतम गहीर अपनी टीम के साथ करीगुंडम, सेन्दुरगुड़ा, किस्ताराम और मरईगुड़ा वन क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा एवं विधवा पेंशन, ग्रामीण सड़क और शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास की किस्त, पेंशन भुगतान और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ ने स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति, निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए।
श्री गौतम गहीर ने कर्मचारियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि शासन की मंशा जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सामने आए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।