आयुष स्वास्थ्य मेले में सैकड़ों लोगों ने उठाया निःशुल्क उपचार का लाभ

मुंगेली, 24 जुलाई 2026/sns/- आयुष विभाग मुंगेली द्वारा शिवपुर आश्रम में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति से निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं औषधि वितरण के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य मेले में 45 लोगों की मधुमेह (ब्लड शुगर) जांच तथा 68 लोगों के उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक औषधियों के साथ आयुष काढ़ा का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. यामिनी शर्मा ने बताया कि शिविर में उपस्थित लोगों को ऋतु अनुसार स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित आहार, योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि आयुष पद्धति के माध्यम से अनेक सामान्य एवं दीर्घकालिक रोगों की प्रभावी रोकथाम एवं उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य आमजन तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाना, रोगों की समय पर पहचान करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन में जिले के आयुष चिकित्सकों एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

About The Author