जिले के 09 गौधामों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

मुंगेली, 24 जुलाई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मुंगेली जिले में गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के 09 गौधामों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन के इस निर्णय से जिले में निराश्रित एवं गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए मजबूत आधारभूत व्यवस्था विकसित होगी तथा गौधामों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। शासन द्वारा विकासखंड मुंगेली के संबलपुर, धरमपुरा, लिम्हा, छतौना, लोहड़िया, भूसुंडी एवं पंडरभट्ठा, विकासखंड पथरिया के नगर पंचायत सरगांव तथा विकासखंड लोरमी के झझपुरीकला स्थित गौधामों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग ने सभी संबंधित गौधाम संचालन समितियों को निर्देशित किया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ 28 जुलाई 2026 तक आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण करें।
शासन के निर्देशानुसार गौवंश के विस्थापन से पूर्व सभी गौधामों में पर्याप्त पशु शेड, पेयजल, विद्युत, फेंसिंग सहित आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। गौधामों के पंजीयन हेतु संचालन समितियों को संबंधित ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण पत्र, 25 हजार रुपये के डिमांड ड्राफ्ट एवं 50 रुपये के स्टाम्प पर अनुबंध पत्र, एक हजार रुपये का पंजीयन शुल्क, तथा स्थानीय पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ द्वारा सत्यापित रंगीन फोटोग्राफ एवं उपलब्ध सुविधाओं का विवरण आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। यदि गौधाम में वर्तमान में गोवंश संरक्षित हैं, तो उनकी संख्या का विवरण भी देना अनिवार्य होगा।

About The Author