सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा के लिए प्यारी बिटियां को लगवाया एचपीवी टीका

राजनांदगांव, 24 जुलाई 2026/sns/- सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में बालिकाओं को एचपीव्ही विशेष टीकाकरण अभियान के तहत टीका लगाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को नि:शुल्क एचपीव्ही टीका लगाया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों से विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई है।
छुरिया विकासखंड के ग्राम भर्रीटोला की श्रीमती राधिका चंद्रवंशी ने कहा कि गांव में भारत सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण के लिए अभियान चलाया गया है। जिसके तहत उन्होंने अपनी 14 वर्षीय बिटिया को एचपीवी टीका लगवा लिया है। उन्होंने सभी माता-पिता को अनुरोध किया कि 14 से 15 आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीका जरूर लगवाएं। इसमें अभिभावकों को भी सहयोग करना है, ताकि हमारी प्यारी बिटिया को आगे चलकर कोई कष्ट, दुख न हो। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका लगाने से कोई परेशानी भी नहीं हुई। आज का टीका कल के भविष्य की सुरक्षा है। महिलाएं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रहेंगी।
ग्राम चिचोला की श्रीमती गीता सिन्हा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी भावना सिन्हा को 14 वर्ष पूर्ण होने पर एचपीवी टीका लगवाया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से जानकारी मिली कि बालिकाओं को गर्भाशय कैंसर जैसी बीमारी से सुरक्षा के लिए एचपीवी टीका लगवाया जा रहा है, तब उन्होंने अपनी बिटियां को एचपीवी टीका लगवाया। उन्होंने नि:शुल्क एचपीवी टीका लगने पर खुशी जाहिर किया तथा सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि 14 वर्ष पूर्ण होने पर अपनी बेटी को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं।
छुरिया की श्रीमती निशत बेगम ने बताया कि मितानिन से जानकारी मिली कि सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए नि:शुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। यह सुनकर वेे अपनी 14 वर्षीय बेटियां जासमीन खान को तुरंत हॉस्पिटल ले गई। उन्होंने बीमारी से बचाव के लिए टीका लगाकर अपनी बेटी की जिंदगी को सुरक्षित कर लिया। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी बेटी को एचपीवी टीका अवश्य लगाएं। इस गंभीर बीमारी से मृत्यु तक हो जाती है। इलाज में लाखों खर्च हो जाते है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नि:शुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है। छुरिया विकासखंड के ग्राम बापूटोला निवासी श्रीमती भुनेश्वरी साहू ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अपनी बेटी भूमिका साहू का एचपीवी टीका लगवाया है। उन्होंने इस टीकाकरण अभियान के लिए सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया।

About The Author