राज्य खेल पुरस्कार मुख्यमंत्री ट्रॉफी और खेलवृत्ति के लिए आवेदन 05 अगस्त तक

मुंगेली, 27 जुलाई 2026/sns/- जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को विभिन्न खेल पुरस्कारों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नकद पुरस्कार, प्रेरणा निधि तथा डाइट मनी (खेलवृत्ति) प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक 05 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि शहीद राजीव पांडे पुरस्कार अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के उन खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक अर्जित किया हो अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो। वहीं शहीद कौशल यादव पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए निर्धारित है।
इसी प्रकार पंकज विक्रम सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाएगा, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में कम से कम चार बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाएगा, जबकि शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ियों अथवा खेल सेवियों को दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी तथा विभिन्न आयु वर्गों में पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले पात्र खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) का लाभ भी मिलेगा। खेलवृत्ति के लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे। पुरस्कारों के लिए आवेदन https://sportsyw.cg.gov.in/cgsports/ पर ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। जबकि नकद पुरस्कार एवं डाइट मनी के आवेदन संबंधित खेल संघों के माध्यम से संचालनालय तथा जिला कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।

About The Author