मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा नशा मुक्त युवा-विकसित भारत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
कवर्धा, 28 जुलाई 2026/sns/- मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा वीर सावरकर भवन में नशा मुक्त युवा-विकसित भारत विषय पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को समाज हित में सकारात्मक दिशा प्रदान करना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा एवं शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमन तिग्गा तथा विशिष्ट अतिथि शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा की प्राचार्य श्रीमती कामती सिंह परिहार थीं। मुख्य अतिथि श्री तिग्गा ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं जागरूक बनने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, श्री राज पटेल की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत समूह नृत्य, समूह गायन, वाद-विवाद, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील निर्माण एवं शॉर्ट फिल्म जैसी विविध विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कबीरधाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में समूह गायन में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा, समूह नृत्य में शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा, नुक्कड़ नाटक एवं वाद-विवाद में पंकज धुर्वे, चित्रकला में आयुष सिंह चैधरी तथा स्लोगन लेखन, कविता पाठ एवं रील निर्माण में आयुष सिंह ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।
इस अवसर पर श्रीमती कामती सिंह परिहार ने युवाओं से केवल नशे से ही नहीं, बल्कि सभी प्रकार की बुरी आदतों, नकारात्मक प्रवृत्तियों और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना कबीरधाम, विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण विभाग तथा सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मेरा युवा भारत, कवर्धा ने राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी कविता कनौजिया एवं प्रीती परिहार, संदीप सोनकर, विधिक विभाग के तुषार सिंह ठाकुर तथा समाज कल्याण विभाग के प्रति सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नेशनल यूथ वॉलेंटियर्स दानेश्वर पटेल, सोनू साहू, रोहित रजक, रुद्रचरण यादव, दीपक मरकाम, रमण सिंह ठाकुर, सुनील चंद्रवंशी, पंकज चंद्रवंशी, अजय जैसवाल, जय पटेल, पुनीराम यादव एवं दुर्गेश साहू की उल्लेखनीय भूमिका रही।