दूरस्थ ग्राम रामपुर को मिली मजबूत मोबाइल नेटवर्क सुविधा
बीजापुर, 28 जुलाई 2026/sns/- जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर (ग्राम पंचायत पुजारी कांकेर) में नए मोबाइल नेटवर्क टॉवर का सफलतापूर्वक संचालन प्रारंभ हो गया है। वर्षों से कमजोर मोबाइल नेटवर्क और सीमित संचार सुविधाओं का सामना कर रहे ग्रामीणों के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। टॉवर के चालू होने से अब रामपुर एवं आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु रूप से उपलब्ध होंगी।
बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित इस दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में अब संचार व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। मोबाइल टॉवर की स्थापना से ग्रामीणों को मोबाइल कॉल, इंटरनेट उपयोग एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त होगा, जिससे दैनिक जीवन और अधिक सुविधाजनक बनेगा।
नई नेटवर्क सुविधा का लाभ विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को मिलेगा। अब ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, सरकारी पोर्टलों पर आवेदन, ई-गवर्नेंस सेवाओं तथा अन्य इंटरनेट आधारित सुविधाओं का उपयोग पहले की अपेक्षा अधिक सरल और तेज़ होगा।
बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क स्थापित करना भी आसान होगा। साथ ही ग्रामीण अपने परिजनों एवं अन्य स्थानों पर रहने वाले लोगों से निर्बाध रूप से संवाद कर सकेंगे। मजबूत मोबाइल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में डिजिटल समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने मोबाइल टॉवर के संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि लंबे समय से बेहतर नेटवर्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
ग्राम रामपुर में स्थापित यह मोबाइल टॉवर केवल संचार सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक आधुनिक संचार सुविधाएं पहुंचाने की यह पहल ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।