डेटा आधारित सुशासन को मिलेगा नया आयाम

सुकमा, 28 जूलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में श्नीति ताराश् विषय पर जिला एवं विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नीति आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंडों में डेटा आधारित योजना निर्माण, प्रभावी मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। प्रशासन की इस पहल से जिले में विकास योजनाओं की प्रगति को आंकड़ों के आधार पर परखने और आवश्यकतानुसार त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
 प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आकांक्षी विकासखंड कोन्टा के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। मास्टर ट्रेनर द्वारा अधिकारियों को NITI TARA Toolkit के प्रभावी संचालन, डैशबोर्ड के उपयोग, उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को तकनीक एवं डेटा का प्रभावी उपयोग करते हुए विकास कार्यों की निगरानी को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
 प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक क्षमता का संवर्धन करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के प्रमुख संकेतकों में जिले की प्रगति को नई गति देना है। जिला प्रशासन द्वारा डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों से योजनाओं की वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन, प्राथमिकताओं का प्रभावी निर्धारण और जमीनी स्तर पर विकास के परिणामों में सुधार की उम्मीद है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए NITI TARA प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

About The Author