मलेरिया रोकथाम के लिए विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

बिलासपुर, 29 जुलाई 2026/sns/- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझगाँव में आज मलेरिया जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यालय के प्राचार्य श्री शैलेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने गांव में भ्रमण कर मलेरिया से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने मलेरिया से बचाव संबंधी नारे लगाते हुए लोगों को मच्छरों से सुरक्षा के लिए मलेरिया रोधी क्रीम का उपयोग करने, शरीर को पूरी तरह ढंकने वाले कपड़े पहनने, घर एवं आसपास पानी का जमाव नहीं होने देने तथा बुखार आने पर बिना देरी किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता श्री शोभा राम पालके, श्रीमती गीता पांडेय, श्रीमती पूनम सिंह, श्री हेमन्त अनंत, श्री लीला राम खुटे तथा क्रीड़ा अधिकारी श्री रंजीत खुटे सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों में मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर बचाव और उपचार के लिए प्रेरित करना था।  

About The Author