साईंस पार्क में 46 विद्यार्थियों ने लिया विज्ञान और नवाचार का रोचक अनुभव

सुकमा, 29 जूलाई 2026/sns/- विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने तथा किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार की पहल पर साईंस पार्क सुकमा में मंगलवार को शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम बालक माध्यमिक शाला, सुकमा के 46 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को रोचक, सरल और प्रयोगात्मक तरीके से समझने का अवसर मिला।
विज्ञान के सिद्धांतों को मॉडल्स के जरिए समझकर बच्चों ने सीखा ‘करके सीखने’ का पाठ
   साईंस पार्क भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल्स का अवलोकन कराया गया और उनकी कार्यप्रणाली को दैनिक जीवन के उदाहरणों से जोड़कर समझाया गया। न्यूटन के तीसरे नियम के माध्यम से क्रिया-प्रतिक्रिया का सिद्धांत, दृष्टि के स्थायित्व से एनीमेशन और गतिमान चित्रों की अवधारणा, तथा ऊर्जा चक्र के जरिए ऊर्जा के एक रूप से दूसरे रूप में परिवर्तन को समझाया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने धूप घड़ी के माध्यम से सूर्य की स्थिति से समय का अनुमान लगाने की प्राचीन पद्धति, प्रतिध्वनि नली से ध्वनि के परावर्तन और गूँज, पेंडुलम से दोलन की गति, दर्पणों के माध्यम से प्रकाश के परावर्तन तथा तैरते पक्षी मॉडल से संतुलन और गुरुत्व केंद्र जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सिद्धांतों को रोचक ढंग से जाना। इस अनुभव ने विद्यार्थियों में विज्ञान को समझने की जिज्ञासा और उत्साह को और बढ़ाया।
A/R V/R Lab  में नई तकनीक से विद्यार्थियों ने की ‘अंतरिक्ष की सैर’, जाना प्रकृति और शरीर के रहस्य
जिला प्रशासन की दूरदर्शी पहल से साईंस पार्क में स्थापित । A/R V/R Lab विद्यार्थियों के भ्रमण का प्रमुख आकर्षण रहा। अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों ने बीजों का सफर, कीटभक्षी पौधे, गाय का पाचन तंत्र, अंतरिक्ष की सैर और पानी के गुण जैसे विषयों को बेहद रोचक और जीवंत अनुभव के साथ समझा। A/R V/R Lab ने विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर तकनीक आधारित अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नई तकनीक का आनंद लेते हुए विज्ञान के विभिन्न विषयों को करीब से महसूस किया। इस अभिनव पहल से बच्चों में सीखने की रुचि के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा को भी नई दिशा मिली।
तुंगल बांध भ्रमण ने बढ़ाई शैक्षणिक यात्रा की रौनक, बारिश ने बनाया यादगार अनुभव
   शैक्षणिक भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने साइंस एक्सप्रेस बस से तुंगल बांध का भी भ्रमण किया। अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पहली बार था, जब उन्होंने इस खूबसूरत स्थल को करीब से देखा और उसके प्राकृतिक परिवेश का अनुभव किया। बारिश के बीच विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रकृति के बीच बिताए इन यादगार पलों ने पूरे शैक्षणिक भ्रमण को और भी खास बना दिया। छात्रों ने यहां बोटिंग का आनंद भी लिया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल एक सामान्य भ्रमण न होकर विज्ञान, तकनीक, प्रकृति और अनुभव से जुड़ी सीख का अनूठा अवसर साबित हुआ। जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा को प्रयोगात्मक, तकनीक आधारित और आनंददायक बनाने की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनके भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author