आरंग के ग्राम निसदा में बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, राशन सामग्री का वितरण किया गया

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्य शुरू

रायपुर, 30 जुलाई 2026। आरंग विकासखंड के ग्राम निसदा में महानदी के जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई जिसके कारण बाढ़ के कारण ग्राम के कई निवासी अपने घरों में फंस गए थे। सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।

एसडीएम आरंग श्रीमती अभिलाषा पैकरा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक एवं बचाव दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य शुरू किया गया एवं टीम द्वारा घरों के प्रथम तल में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बचाव के बाद प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए पीडीएस भवन को रेस्क्यू सेंटर के रूप में तैयार किया गया जहां बचाव किए गए लोगों को ठहराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है, जिसके द्वारा सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू सेंटर में ठहरे सभी परिवारों के राशन और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

बाढ़ से प्रभावित अब तक 13 परिवारों के 48 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर राहत प्रदान की जा चुकी है तथा जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।

इस बचाव कार्य में तहसीलदार श्री बाबूलाल कुर्रे, टीआई श्री हरीश साहू, अतिरिक्त सीईओ श्री मारुति राव घोड़ेसवार, स्वास्थ्य दल एवं एसडीआरएफ टीम सभी मौके पर उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

About The Author