पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सरगुजा में ऊर्जा क्रांति

अम्बिकापुर, 31 जुलाई 2026/sns/-  केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरगुजा जिले में आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल लोगों के बिजली बिल का बोझ कम कर रही है, बल्कि उन्हें स्वच्छ, सस्ती एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराकर हरित भविष्य की दिशा में भी प्रेरित कर रही है। योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करा रहे हैं, जिससे घरेलू बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।

जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विद्युत विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने, आवेदन प्रक्रिया सरल बनाने तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

लक्ष्य से अधिक मिले आवेदन
24 जुलाई 2026 तक की प्रगति के अनुसार सरगुजा जिले में वर्ष 2025-26 के लिए 2,000 रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लक्ष्य के मुकाबले 3,303 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 3,185 आवेदनों में वेंडरों का चयन किया जा चुका है तथा 1,441 घरों में सोलर संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं।

जिले के शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में योजना का लाभ तेजी से पहुंच रहा है। अम्बिकापुर शहर में 1,000 के लक्ष्य के विरुद्ध 2,021 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,985 हितग्राहियों के लिए वेंडर चयनित किए गए तथा 1,136 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं अम्बिकापुर ग्रामीण क्षेत्र में 1,000 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,282 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,200 वेंडरों का चयन किया गया तथा 305 घरों में संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

विनोद कुमार राय बिजली उपभोक्ता से बनें उर्जा दाता

राजेंद्र प्रसाद वार्ड, दर्रीपारा निवासी श्री विनोद कुमार राय प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के सफल लाभार्थियों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल कई बार 4 से 5 हजार रुपये प्रतिमाह तक पहुंच जाता था, जिससे परिवार के मासिक खर्च पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था।

उन्होंने बताया कि जब उन्हें शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली, तब उन्होंने विद्युत विभाग से संपर्क किया। विभागीय अधिकारियों ने उन्हें योजना की पूरी जानकारी दी तथा आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद उन्होंने अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराया।

1.08 लाख रुपये की सब्सिडी का मिला लाभ

श्री राय ने बताया कि सोलर संयंत्र लगाने में लगभग 2 लाख रुपये का खर्च आया। योजना के अंतर्गत उन्हें 78 हजार रुपये केंद्र सरकार तथा 30 हजार रुपये राज्य सरकार की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की अनुदान राशि मिली।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सब्सिडी की राशि को उन्होंने सोलर संयंत्र के लिए लिए गए बैंक ऋण में जमा कर दिया। अब उनके ऊपर लगभग 90 हजार रुपये का ऋण शेष है, जिसकी अदायगी 10 वर्षों में करनी है। इसके लिए उनकी मासिक किस्त केवल 818 रुपये निर्धारित की गई है, जो पहले आने वाले बिजली बिल की तुलना में काफी कम है।

अब कई महीनों में बिल हो जाता है माइनस
श्री राय ने बताया कि सोलर संयंत्र लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल काफी कम हो गया है। कई बार ऐसा भी होता है कि उनके संयंत्र से उत्पादित बिजली की मात्रा घरेलू खपत से अधिक हो जाती है, जिससे उनका बिजली बिल माइनस में चला जाता है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली ग्रिड में चली जाती है और नियमानुसार उसका लाभ भी उपभोक्ताओं को प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि पहले वे बिजली विभाग से बिजली लेते थे, लेकिन अब वे बिजली उत्पादन कर विभाग को भी बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। इससे आर्थिक लाभ के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी उनका योगदान बढ़ा है।

स्मार्ट मीटर और ’मोर बिजली’ ऐप से आसान हुई निगरानी
श्री राय ने बताया कि उनके घर में विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाया गया है। स्मार्ट मीटर तथा श्मोर बिजलीश् ऐप की सहायता से वे प्रतिदिन बिजली की खपत की जानकारी प्राप्त कर लेते हैं। ऐप में यह स्पष्ट दिखाई देता है कि प्रतिदिन कितनी यूनिट बिजली खर्च हुई है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी दिन बिजली की खपत अधिक दिखाई देती है तो परिवार के सभी सदस्य एसी, कूलर, पंखा एवं अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग आवश्यकतानुसार करते हैं तथा अनावश्यक रूप से चल रहे उपकरणों को बंद कर देते हैं। इससे बिजली की बचत होती है और उपभोग पर बेहतर नियंत्रण बना रहता है।

जन-जन तक पहुंचे योजना का लाभ
श्री राय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। योजना में 50 प्रतिशत से अधिक की सब्सिडी मिलने से सोलर संयंत्र लगवाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि हर पात्र परिवार को इस योजना का लाभ लेना चाहिए, ताकि बिजली खर्च में कमी आने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिले।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने आम नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस योजना के माध्यम से बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराएं और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।    

About The Author