प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अब 14 अगस्त तक करा सकेंगे फसल बीमा पंजीयन
जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई 2026/sns/- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 की अधिसूचित फसलों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर अब ’’14 अगस्त 2026’’ कर दी गई है। इससे वे किसान, जो निर्धारित समय-सीमा तक फसल बीमा नहीं करा सके थे, अब अतिरिक्त समय का लाभ लेकर अपना बीमा पंजीयन करा सकेंगे।
उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि जिले में खरीफ 2026 के लिए धान (सिंचित एवं असिंचित) फसल अधिसूचित है। योजना के तहत किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा, जबकि शेष प्रीमियम का वहन केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा किया जाएगा। जिले में धान (सिंचित) के लिए प्रति हेक्टेयर कृषक प्रीमियम 1,320 रुपये तथा धान (असिंचित) के लिए 946 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित क्षेत्र में बुवाई नहीं हो पाने, प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति, फसल कटाई प्रयोग के आधार पर उपज में कमी तथा फसल कटाई के बाद निर्धारित 14 दिवस की अवधि में ओलावृष्टि, चक्रवात एवं बेमौसम वर्षा जैसी प्राकृतिक घटनाओं से हुई क्षति पर बीमा एवं क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। प्राकृतिक आपदा अथवा फसल कटाई उपरांत नुकसान की स्थिति में किसान ’’72 घंटे के भीतर बैंक, लोक सेवा केंद्र (सीएससी), कृषि विभाग, राजस्व विभाग, कृषि रक्षक पोर्टल’’, हेल्पलाइन 14447 अथवा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 70655-14447 के माध्यम से सूचना दर्ज करा सकते हैं।
योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसान ले सकते हैं। अऋणी किसानों को आवेदन के साथ आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका (बी-1), बैंक पासबुक, बुवाई प्रमाण पत्र अथवा स्वघोषणा पत्र तथा मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। वहीं बटाईदार, काश्तकार एवं साझेदार किसानों को फसल साझा अथवा काश्तकार घोषणा पत्र भी जमा करना होगा। किसान अपने निकटतम राष्ट्रीयकृत बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र (सीएससी) अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से 14 अगस्त 2026 तक फसल बीमा पंजीयन करा सकते हैं। उप संचालक कृषि ’’श्री राकेश शर्मा’’ ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खेती में जोखिम कम करने, किसानों की आय को सुरक्षित रखने तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने सभी किसान भाई-बहनों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते फसल बीमा पंजीयन कराने का आग्रह किया है।