विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जवाबदेही तय
सुकमा, 31 जूलाई 2026/sns/- जिले के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, निर्माण कार्य सहित जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, जनप्रतिनिधियों, जनपद पंचायत अध्यक्षों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों को गति देने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बेहतर तालमेल से ही सुकमा को विकसित जिले के रूप में स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के बाद 19 प्रमुख एजेंडा बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
सामान्य सभा में पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, वन, आदिवासी विकास, कृषि, उद्यानिकी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं पर गंभीरता से चर्चा हुई। जल जीवन मिशन, हैंडपंपों के रखरखाव, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, स्कूलों में मध्यान्ह भोजन रसोई कक्ष, छात्रावासों के संचालन, व्यक्तिगत वन अधिकार प्रकरणों के निराकरण, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही रबी सीजन के लिए बीज वितरण एवं धान खरीदी केंद्रों की तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी सामान्य सभा में प्रत्येक विभाग द्वारा अद्यतन एवं पूर्ण जानकारी के साथ अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में लिए गए निर्णयों से स्पष्ट हुआ कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर सेवा वितरण तथा सुकमा को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।