कलेक्टर ने ली पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में समीक्षा बैठक
मुंगेली, 31 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति, आवेदन की स्थिति तथा विद्युत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाए जाएं तथा उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सूर्यघर योजना की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अवैध विद्युत हुकिंग के संबंध में भी ब्लॉकवार जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध हुकिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाएं।
एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने कहा कि अवैध विद्युत हुकिंग कानूनन अपराध है और इससे जन-धन दोनों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। एसएसपी ने निर्देश दिए कि अवैध हुकिंग के मामलों में त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोबारा ऐसी गतिविधि न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।