जिला चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी से मिली नई जिंदगी
मुंगेली, 31 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय में उपलब्ध बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसी कड़ी में मुंगेली निवासी श्रीमती सुमन सोनी को नियमित फिजियोथेरेपी और उचित उपचार मिलने से उनके दर्द में राहत मिली। अब वे पहले की अपेक्षा काफी सहजता से अपने दैनिक कार्य कर पा रही हैं। श्रीमती सुमन सोनी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से घुटनों और कमर के असहनीय दर्द की समस्या थी। दर्द के कारण उनके दैनिक कार्य भी प्रभावित होने लगे थे। लगातार बढ़ते दर्द से उन्हें काफी परेशानी होती थी।
उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष पाठक ने उनकी जांच कर फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी। फिजियोथेरेपी के पश्चात अब सुमन सोनी को दर्द से राहत मिल गई है। उन्होंने जिला चिकित्सालय में मिली गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिला उपचार उनके लिए किसी नई उम्मीद से कम नहीं है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि आधुनिक उपचार सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अनेक मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।