अंबेली नाला में फंसे लोगों के लिए बनी राहत की डोर
बीजापुर, 31 जुलाई 2026/sns/- जिले में लगातार हो रही वर्षा के बीच भैरमगढ़ विकासखंड के कुटरू स्थित अंबेली नाला में फंसे लोगों को जिला प्रशासन की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने साहस और दक्षता का परिचय देते हुए सभी लोगों को सुरक्षित नाला पार कराया तथा उन्हें उनके गृह ग्रामों की ओर सकुशल रवाना किया।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैरमगढ़ श्री विकास सर्वे की उपस्थिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रभावित लोगों को बिस्किट एवं पेयजल का वितरण किया गया। प्रशासन द्वारा राहत सामग्री उपलब्ध कराते हुए लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की गई।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन, कंट्रोल रूम अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन एवं बचाव दल नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्यरत हैं।